हरिद्वार, 19 जनवरी : कांग्रेस ने आगामी निकाय चुनाव के लिए अपना 10 सूत्रीय संकल्प पत्र जारी किया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने प्रेस वार्ता के दौरान इसे प्रस्तुत करते हुए कहा कि पार्टी ने हरिद्वार को कॉरिडोर मुक्त, नशा (स्मैक) मुक्त, अपराध मुक्त बनाने के साथ मेडिकल कॉलेज जगजीतपुर और जिला महिला अस्पताल के निजीकरण के खिलाफ सशक्त संघर्ष करने का वादा किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी अमरेश देवी बालियान के नेतृत्व में हरिद्वार के चहुंमुखी विकास और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
संकल्प पत्र के मुख्य बिंदु
- हरिद्वार को कॉरिडोर मुक्त बनाना।
- क्षेत्र में नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करना।
- अपराध मुक्त समाज की स्थापना।
- मेडिकल कॉलेज और महिला अस्पताल के निजीकरण का विरोध।
- स्वच्छता सेवाओं और सड़क निर्माण में सुधार।
- सरकारी संपत्तियों के निजीकरण पर रोक।
- धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण।
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम।
- व्यापारियों के हितों की रक्षा।
- पारदर्शी और संवेदनशील नगर निगम प्रशासन।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखे हमले किए।
- Advertisement -
- डा. संजय पालीवाल और प्रदीप चौधरी ने कहा कि भाजपा हरिद्वार के व्यापारियों को उजाड़ने और धार्मिक स्वरूप को नष्ट करने की साजिश कर रही है।
- डा. संतोष चौहान और अंजू मिश्रा ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा की विफलता पर सवाल उठाए।
- अशोक शर्मा ने भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि भाजपा ने जनता की भावनाओं का हमेशा अपमान किया है।
- मनोज सैनी ने कहा कि भाजपा के शासन में सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है, जिससे जनता के साथ अन्याय हो रहा है।
कांग्रेस का उद्देश्य और अपील
कांग्रेस नेताओं ने जनता से अपील की कि हरिद्वार के विकास और पारदर्शी प्रशासन के लिए कांग्रेस को चुना जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य नगर निगम को संवेदनशील और विकासशील बनाना है।
पत्रकार वार्ता में कैश खुराना, रविश भटीजा, अरविंद शर्मा, राजेन्द्र भारद्वाज, संजय अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे।